Wednesday, February 12, 2014

मोटिवेशन : जिंदगी न मिलेगी दोबारा

                                                                                - मिलन सिन्हा 
Displaying 7412643-0.jpgसिर्फ फ़िल्म अभिनेता, निर्देशक फरहान अख्तर ही नहीं, हम  सभी बखूबी जानते हैं, 'जिंदगी न मिलेगी  दोबारा' । फिर  भी हमें अखबारों में आत्महत्या के समाचार रोज दिखते हैं। हाल ही में कानपुर आइआइटी के एक छात्र के  आत्महत्या की खबर आपने भी पढ़ी होगी। सवाल है, आखिर मरना कौन चाहता है और कोई मरे भी क्यों जब कि हमारा जन्म जीने के लिए हुआ है।  मृत्यु तो ऐसे भी हमारी जिंदगी की लम्बी यात्रा का अंतिम पड़ाव है। तो फिर बात-बेबात  हम अवसाद ग्रस्त क्यों हो जाते हैं, क्यों आत्महत्या का विचार मन में लाते हैं ? 


यह जानना दिलचस्प है कि मनुष्य बिना खाये 40 दिनों तक, बिना पानी के 3  दिनों तक और बिना ऑक्सीजन के 8  मिनट तक जिन्दा रह सकता है, परन्तु बिना उम्मीद के शायद दो पल भी नहीं। तभी तो होश सम्हालने के बाद से ही हम सुनते, जानते और समझते रहे हैं  कि दुनिया उम्मीद पर ही टिकी है। तब क्यों और कैसे हम ऐसी नाउम्मीदी के चंगुल में फंसते हैं जो हममें से अधिकांश लोगों का जीवन बेमजा कर देता है और तो और कई कमजोर दिल-दिमाग वालों को आत्महत्या की ओर  धकेलता है ?

सोचिये जरा, हम खुद को आहत कब महसूस करते हैं ? सामान्यतः जब हमारी चाहत पूरी नहीं होती है।  मतलब, अगर आप चाहत को कंट्रोल करने की क्षमता विकसित कर लें, तो आहत होने की संभावना भी कम हो जायेगी। दूसरे, चाहत की व्यवहारिकता को भी जांच लेनी चाहिए।  ऐसा नहीं कि जो प्रथम दृष्ट्या ही नामुमकिन लगे, बिना सोचे समझे उसे भी हासिल  करने की जिद पकड़ लें। तीसरे, चाहत के अनुरूप जो भी उपक्रम हमें करने चाहिए, उसे पूरी शिद्दत से करेंगे, तभी  तो फलाफल अपेक्षित होगा। 

क्या आपने एक भी ऐसा व्यक्ति देखा है जिनके जीवन में सिर्फ मजा ही मजा है , कोई सजा, गम या समस्या नहीं ? नहीं न ! तो फिर क्यों न इस बेशकीमती जीवन को उसकी सम्पूर्णता - चुनौती, ख़ुशी, गम, उतार-चढ़ाव, सफलता-असफलता आदि  में जीने का संकल्प लेकर  एक नए अंदाज में फिर से जीना शुरू करें और  जीवन का भरपूर आनंद लें। 

                    और भी बातें करेंगे, चलते-चलते। असीम शुभकामनाएं।
# 'प्रभात खबर' के मेरे संडे कॉलम, 'गुड लाइफ' में  प्रकाशित    

Tuesday, February 4, 2014

मोटिवेशन : एग्जाम - टेक-इट-इजी

                                                                - मिलन सिन्हा
clip thumbआ गया है  फिर परीक्षा का मौसम और साथ ही तेज हो गया है तैयारी का सिलसिला। आम तौर पर यह पाया  गया है कि परीक्षा के मौके पर छात्र- छात्राओं का मानसिक दबाव  बढ़  जाता है। यह बिलकुल स्वाभाविक बात है। लेकिन, अगर जरा सोचें कि परीक्षा आखिर है क्या, तो पायेंगे कि  यह तो वाकई हमारे धैर्य, दिमागी संतुलन, ज्ञान व समय प्रबंधन का टेस्ट मात्र है। कहने  का मतलब, हमने जो कुछ पढ़ा है, सीखा है उसके बुनियाद पर एक नियत समय सीमा के भीतर पूछे गए प्रश्नों का सटीक जबाव देना है।

कुछ लोग इसे ‘पर इच्छा’ भी कहते हैं। अगर यह सही है तो  परीक्षा में सब कुछ अपनी इच्छा के अनुरूप हो, यह जरूरी  नहीं। इसलिए, परीक्षा के पहले यह अपेक्षित है कि हम कूल -कूल और नार्मल रहने का प्रयास करें। अब तक जो नहीं पढ़ पाए हैं, उसकी चिंता इस वक्त कतई न करें।प्रख्यात कवि हरिवंश राय  बच्चन ने लिखा है न ,'जो बीत गयी सो बात गयी ….।' बेहतर तो यह है कि हमने जो पढ़ा है उसी पर फोकस करें। यथासाध्य और यथासंभव उसी का रीविजन करें, लिखने का अभ्यास भी करें । फार्मूला, महत्वपूर्ण पॉइंट्स आदि पर विशेष ध्यान दें, उन्हें अंडरलाइन करें, हाईलाइट करें ।

 परीक्षा जैसे नाजुक अवसर पर यह भी देखा  गया है कि ज्यादातर स्टूडेंट यह सोच-सोच कर  परेशान  रहते हैं, अनावश्यक तनाव में रहते हैं कि दोस्त क्या पढ़ रहे हैं, क्या कर रहें हैं। ऐसा सोचना बहुमूल्य समय की बेवजह बर्वादी है। ऐसे वक्त दोस्त को फ़ोन करना नाइंसाफी  से कम नहीं। ऐसे में अपना  मोबाइल बंद कर लें तो उत्तम, नहीं तो कम से कम साइलेंट मोड पर जरूर कर लें। फेस बुक आदि से इस समय दूर ही रहें तो अच्छा। बस खुद पर और परीक्षा की अपनी तैयारी  पर ध्यान केन्द्रित करें । संतुलित आहार और अच्छी नींद खुद को फिट एवं जीवंत रखने के लिए आवश्यक तो  है ही। 


एक छोटी-सी बात और। परीक्षा के दौरान  “टेक-इट-इजी”  सिद्धांत को फॉलो करें। इस सिद्धांत के तहत प्रश्नों को पहले ठीक से पढ़ना, समझना और फिर उत्तर देना चाहिए। इस अवसर पर स्मार्ट समय प्रबंधन हमारे परफॉरमेंस को बेहतर बनाता है और हमारे लिए एक बेहतर जीवन  का मार्ग  प्रशस्त करता है। 

                      और भी बातें करेंगे, चलते-चलते। असीम शुभकामनाएं।

Tuesday, January 28, 2014

मोटिवेशन : 'आज' में जीना सीखें

                                                         - मिलन सिन्हा 
Displaying 7204114-0.jpg
या तो हम अतीत में जीते हैं या भविष्य में, और वह भी सामान्यतः नकारात्मकता के आगोश में। कल में जीने की इस आदत के कारण हम जीवन की समस्याओं का हल ठीक से नहीं खोज पाते हैं। मजे की बात है, जब हम अवसादग्रस्त होते हैं, दरअसल उस वक्त हम अतीत में जी रहे होते हैं; उस बीते हुए समय में क्या नहीं कर पाये, उसको लेकर ग्लानि होती है और फिर खुद को जिम्मेदार मानकर कोसते हैं।  दूसरी अवस्था होती है जब हम चिन्तित होते हैं , तब वाकई हम भविष्य की शंका,आशंका एवं कुशंका में उलझे होते हैं। सच तो यह है कि न तो हम अपने अतीत को लौटा कर ला सकते हैं और न ही अपने भविष्य को पूर्णतः निर्धारित कर सकते हैं क्यों कि आनेवाले दिनों में घटित होनेवाली घटनाएं कई ऐसी स्थितियों पर निर्भर होती  हैं  जिनपर हमारा नियंत्रण नहीं होता है। तो अब बचा क्या, वह समय जो अभी हमारे साथ है अर्थात वर्तमान। कहते हैं, जो भी सच्चे दिल से और खुले दिमाग से अपने अतीत के अनुभवों से सीख लेकर  'वर्तमान' का सम्मान करता है, उस पल को पूर्णता में जीता है, वह अव्वल तो अपने कार्य में भरपूर मजा उठाता है और वही अपने  'भविष्य' को सुनहरा बनाने में सक्षम भी होता है। आइए देखें, गुजरे हुए कल और आनेवाले कल के बीच फंसे मनुष्य के बारे में कवि अटल बिहारी वाजपेयी ने क्या लिखा है :

कल, कल करते, आज / हाथ से निकले सारे,
भूत, भविष्यत् की चिंता में / वर्तमान की बाजी हारे।                                                                      
पूरे विषय पर जरा आराम से सोचकर देखिएगा, मजा आएगा, खुद पर हंसने का मन भी करेगा और तब  परफेक्ट लाइफ की ओर आपका अगला कदम स्वतः बढ़ जाएगा।  
            
                       और भी बातें करेंगे, चलते-चलते। असीम शुभकामनाएं।

Tuesday, January 21, 2014

मोटिवेशन : कोशिशें कामयाब होंगी

                                                        - मिलन  सिन्हा 
Displaying 6986278-0.jpgहम सभी कुछ-न-कुछ  करना चाहते हैं, खुश रहना चाहते हैं। चाहते हैं कि हर सुबह का आगाज एक नयी आशा के साथ हो और दिन भर के प्रयास और परिश्रम के बाद उस दिन के अनुभव एवं  उपलब्धियों को समेटे  रात में अच्छी नींद का आनंद ले सकें। परन्तु ऐसा रोज न जाने क्यों नहीं हो पाता है? 

एक विज्ञापन तो आपने भी देखा होगा टीवी पर। वही जिसमें ऑफिस में काम के बोझ से परेशान एक बाबू पूछता है 'संडे कब आएगा'। इस भाग-दौड़ भरी जिंदगी में जिसे देखिये परेशान है, दुखी है, संडे की प्रतीक्षा में कम- से -कम सप्ताह के बाकी दिन मानसिक तनाव में जी रहा है। न ठीक से खा पा रहा है, न ठीक से सो पा रहा है और न ही किसी के कंधे पर सिर रख कर रो पा रहा है। कहे तो किससे कहे, करे तो क्या करे ?

तनाव बढ़ता जाता है। गुस्सा बीवी- बच्चों पर निकलता है या ऑफिस में अधीनस्थ सहकर्मियों पर, बेवजह। शॉर्टकट समाधान के तौर पर रात में दो-तीन पैग लेना पड़ता है या नींद की गोली। फिर भी सुबह वही हालत। क्यों ?

ऐसा इसलिए कि हम तनाव को दिमाग में बैठा कर सोचते और उलझते रहते हैं। समाधान आसान होता है, पर उसे ढूढ़ने का हमारा तरीका जटिल । मानसिक तनाव के ऐसे किसी अवस्था में आप उन कारणों को स्वयं एक कागज़ पर लिखें और उसी के सामने सम्भावित व व्यवहारिक समाधान भी लिखें।  अधिकतर मामले में आप पाएंगे कि तनाव के उन कारणों का निराकरण आपने खुद कर लिया है। कहने का मतलब,दिमाग से जब कोई चीज कागज़ पर उतर आती है, अमूमन  उसका समाधान दिख जाता है।  हाँ, एकाध मामले ऐसे हो सकते हैं जिसको सुलझाने के लिए आपको कुछ कदम उठाने पड़ें, कुछ प्रयास करने पड़ें जो आपके सोच एवं सामर्थ्य से परे भी न हो। तभी तो दिनकर जी लिखते हैं :

ख़म ठोक ठेलता है जब नर, पर्वत के जाते पांव उखड़। 
मानव जब जोर लगाता है, पत्थर पानी बन जाता है। 

तो संडे का इंतजार छोड़, रोज जीयें एक परफेक्ट लाइफ !

                    और भी बातें करेंगे, चलते-चलते। असीम शुभकामनाएं।
# 'प्रभात खबर' के मेरे संडे कॉलम, 'गुड लाइफ' में प्रकाशित        

Tuesday, January 14, 2014

आज की कविता: धरती से कटने का 'सुख'

                                                   - मिलन सिन्हा
स्टेशन  थाना बिहपुर
जिला भागलपुर
रूकती  है गाड़ी असम मेल
मच जाती है धकम पेल
खुलती है गाड़ी
तेज होती रफ़्तार थोड़ी 
जाड़े का है मौसम 
पर उन टिकटधारी यात्रियों को 
जिनके शरीर पर कपड़े हैं कम 
नहीं कोई इसका गम 
चल रही है ठंडी हवा 
पर उन्हें नहीं इसकी परवाह 
इधर-उधर देखे बिना ही 
सीटें खाली रहते हुए भी 
सट-सट कर बैठ जाते हैं वे 
जमीन पर ही 
पूछता हूँ 
अपनी सीट के पास नीचे बैठे 
एक किशोर से उसका नाम 
वह शर्माता है, फिर बताता है,
'दिनेश कहार'
उम्र यही कोई ग्यारह साल 
गंगा की भटकती धारा से 
तबाह होने वाले इलाके 
नारायणपुर का निवासी 
जहां की जमीन 
सिंचाई सुविधा के अभाव में 
पड़ी है अब भी प्यासी 
वह बताता है 
उसके पास भी थी 
एक बीघा जमीन 
पर उसे भी 
नाप जोख में 
हड़प गया बूढ़ा अमीन 
देह पर उसके एक  फटा कुर्ता 
और एक नेकर डोरीवाला 
बटुए में है उसका टिकट 
गमछे में बंधा है चूड़ा और नमक 
गाँव में अपनी माँ और 
चार भाई बहनों को छोड़े 
जा रहा है वह पंजाब 
खोजने रोजगार 
पंजाब का नाम लेते ही 
चेहरे पर हंसी है, नहीं है उदासी 
लगता है अपनी जमीन से 
कटने में भी शायद 
कभी - कभी मिलती है  ख़ुशी !

                       और भी बातें करेंगे, चलते-चलते। असीम शुभकामनाएं।
# 'योजना' के 16 -31 मार्च '83 के अंक में प्रकाशित 

Tuesday, January 7, 2014

आज की कविता : धरती की आवाज

                                                                                 -मिलन  सिन्हा 
गुजरात में 
धरती में कंपन हुआ 
मात्र पैंतालीस सेकेंड 
और 
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 
हजारों लोगों ने 
तिरंगे को अंतिम सलाम किया 
कुछ ही पल में 
कई एक शहर 
अनेकानेक कस्बे व गाँव 
श्मशान में तब्दील हो गए 
जो बचे - अनाथ, आहत, विपन्न, बेघर . .. 
ईंट, कंक्रीट के मलबे में 
अपना -अपना अतीत 
तलाशते फिर रहे थे 
सहायता कार्य के बीच 
जांच -पड़ताल की बात भी चल पड़ी 
भूखे को रोटी 
नंगे को कपड़ा 
बेघर को घर जैसे नारों से 
माहौल फिर गूंजने लगा 
बड़े पैमाने पर 
पुनर्निर्माण की योजना बनने लगी 
धरती पर 
और ज्यादा बोझ की संभावना प्रबल हुई 
इन सब घटना -दुर्घटनाओं के बीच 
मलबे से एक धीमी आवाज 
फिर सुनाई पड़ी 
'माँ, मुझे बचा लो, माँ 
मैं इतना बोझ नहीं सह सकती ..... '
कंपकंपी -सी  दौड़ गयी 
मेरे पूरे शरीर में 
सोच कर यह कि 
कहीं यह 'धरती' की आवाज तो नहीं !

           और भी बातें करेंगे, चलते-चलते । असीम शुभकामनाएं।

Tuesday, December 24, 2013

आज की कविता : पहचान कहाँ खो गए

                                                                                    -मिलन सिन्हा 
old man














जिन्हें 
ढूंढ़ रही थी आँखें 
वो कहाँ चले गए 
जिन्हें 
देख रही थी आँखें 
वो पहचान कहाँ खो गए 
जिन रास्तों पर 
चलने की सीख 
गुरुजनों के दी थी 
वे रास्ते क्यों अब 
सुनसान पड़ गए 
जिन पर चलने से 
किया था मना 
वे रास्ते क्यों अब 
भीड़ से पट गए 
परवरिश में तो 
नहीं थी कोई कमी 
फिर बच्चे 
माँ - बाप को छोड़ कर 
क्यों चले गए 
न जाने 
किस काम में लग गए 
किस भीड़ में खो गए 
कैसे रिश्तों की परिभाषा 
ऐसे बदलते गए 
कैसे हम 
इतने अकेले हो गए 
भविष्य के सपने 
क्यों ऐसे चकनाचूर हो गए ?

                 और भी बातें करेंगे, चलते-चलते। असीम शुभकामनाएं।
#  प्रवक्ता . कॉम पर प्रकाशित, दिनांक :31.12.2013