Sunday, August 11, 2013

आज की कविता : लोकतंत्र का महापर्व

                                                           - मिलन सिन्हा 
लोकतंत्र का महापर्व था 
गुजर गया शांतिपूर्वक (?)
मात्र सत्रह निर्दोष लोग बलि चढ़े 
घायलों की संख्या जानना जरूरी है ?
महापर्व था 
सब ओर थी पूरी तैयारी 
प्रशासन के स्तर पर 
दु :शासन के स्तर पर 
सड़कें सुनसान थीं 
लोग लुप्त थे 
कुछ जागे, कुछ सुप्त थे 
तो क्या उनके मत 
पड़ चुके थे सुबह ही ?
प्रशासन - दु :शासन
हथियारों से लैस 
मतदान केन्द्र पर साथ बैठा 
चाय की चुस्की ले रहा था 
आम जनता का भविष्य 
पेटियों में बंद हो चुका था 
ऐसे ही चुनाव संपन्न हुआ 
चुनाव आयोग ने 
अपनी पीठ ठोंकी !

                   और भी बातें करेंगे, चलते चलते। असीम शुभकामनाएं। 

Saturday, August 10, 2013

हास्य व्यंग्य कविताएं : नेता- अभिनेता, असरकारी

                                                                                  -मिलन सिन्हा
netaji












नेता-अभिनेता
नेता और अभिनेता
चुनाव  मैदान में  खड़े थे ।
मतदातागण
सोच में पड़े थे ।
उधर, छिड़ा  था  विवाद,
मतदाता देगा
किसका साथ ।
एक के पास था
आश्वासनों और वादों का झोला,
तो  दूसरे  के पास था
भुलावे में रखने का नायाब मसाला ।
ऐसी स्थिति में,
विकट  संकट में था मतदाता
और पुकार रहा था
विधाता-विधाता !

असरकारी
नेताजी अब
रोज यह कहते हैं।
कहते हुए अब
नहीं डरते हैं।
यही  कि
जो काम,
अ-सरकारी होंगे
वही,
असरकारी  होंगे !

# प्रवक्ता . कॉम पर प्रकाशित, दिनांक :10.08.2013

                         और भी बातें करेंगे, चलते चलते। असीम शुभकामनाएं। 

Friday, August 9, 2013

आज की कविता : खुद को जानो

                                  - मिलन सिन्हा 
life







कोई बोले 
न बोले 
खुद से 
तू  बोल 
अपने तराजू में 
खुद को 
तू तौल
खुद को पहले जान 
तभी 
खुदा  मिलेंगे
नहीं तो 
तुमसे वो 
जुदा रहेंगे 
खुद से कर प्यार 
जमाने से 
प्यार हो जाएगा 
फिर तो 
जीवन तेरा 
खुशियों से 
भर जाएगा।

# प्रवक्ता . कॉम पर प्रकाशित, दिनांक :09.08.2013

                   और भी बातें करेंगे, चलते चलते। असीम शुभकामनाएं। 

Tuesday, August 6, 2013

आज की कविता : अमानवीय खेल

                                                - मिलन सिन्हा 
सब आततायी गए मिल 
लूटने बच्चों का 
मिड -डे -मिल
और शुरू  गया 
एक घोर अमानवीय खेल 
आया सड़ा अनाज 
मिलावटी तेल 
खाना कब बना 
कैसा बना 
कब मिला 
किसको मिला 
कितना मिला
कैसा मिला 
जिसे था देखना
जिसे था करना 
जिसे था टोकना 
जिसे था रोकना 
सब थे मुस्तैद 
कागज पर 
नीचे से ऊपर 
ऐसे में जो हुआ 
वह तो होना ही था 
गरीब परिवारों को तो 
रोना ही था 
अपने नौनिहालों को 
खोना ही था ! 

                 और भी बातें करेंगे, चलते-चलते। असीम शुभकामनाएं।

Friday, August 2, 2013

आज की कविता : सक्रिय मतदाता

                                        - मिलन सिन्हा 

चारों ओर तेजी से 
जंगल कट रहे हैं 
बेघर होकर बाघ 
मारे जा रहें हैं बेरोकटोक 
बड़ी संख्या में कायर कागजी शेर 
पहनने लगे हैं बाघ की छाल 
फ़िल्मी जवां मर्द 
मासूम हिरणों का शिकार कर 
अपनी नायिकाओं को 
मर्दानगी का सबूत पेश कर रहे हैं 
इधर बड़े पैमाने पर 
सीमेंट कंक्रीट के जंगल 
फैल रहे हैं चारों ओर बेतरतीब 
जिसमें मानव रूपी अनेक जानवर 
विचर रहे हैं बेख़ौफ़ 
ये एक दूसरे के साथ 
खाते हैं, पीते हैं 
नाचते हैं, गाते हैं 
जरूरत - बेजरूरत एक दूसरे का भी 
निःसंकोच शिकार करते हैं 
हम आप तो पहले भी 
घंटों इन पर खूब चर्चा करते थे 
बंद कमरों में बैठकर
बेशक खिड़कियां खुली रहती थीं 
घुप्प अंधेरा होने तक 
पर जबान दबी -दबी ही रहती थी 
अब तो ऐसी चर्चा में 
समय भी जाया नहीं करते हम आप 
शाम होते ही 
मच्छर को घुसने से  रोकने के बहाने 
खिड़कियां भी बंद कर लेते हैं 
नए मकान तक 
कम खिड़कियों, रोशनदानों के 
बनने लगे हैं 
मल्टी चैनल टी वी में
सब कुछ देख लेते हैं हम आप 
पर, सच मानिए 
इस जंगल राज के 
हम आप भी हैं सक्रिय मतदाता ! 

                 और भी बातें करेंगे, चलते चलते। असीम शुभकामनाएं।
#  "हिन्दुस्तान" में प्रकाशित 

Thursday, August 1, 2013

मोटिवेशन : खुद से कहें , 'आल इज वेल'

                                                 - मिलन सिन्हा
आम तौर पर यह देखा गया है कि परीक्षा के मौके पर तनाव बढ़  जाता है। यह बिलकुल स्वाभाविक बात है। लेकिन, अगर जरा सोचें कि परीक्षा आखिर है क्या, तो पायेंगे कि  यह तो वाकई हमारे धैर्य, दिमागी संतुलन, ज्ञान व समय प्रबंधन का टेस्ट मात्र है। कहने  का मतलब, हमने जो कुछ पढ़ा है, सीखा है उसके बुनियाद पर एक नियत समय सीमा के भीतर पूछे गए प्रश्नों का सटीक जबाव देना है।

 कुछ लोग इसे 'पर इच्छा' भी कहते हैं। अर्थात परीक्षा में सब कुछ अपनी इच्छा के अनुरूप हो, यह जरूरी नहीं।

 इसलिए, परीक्षा के पहले यह अपेक्षित है कि हम कूल -कूल और नार्मल रहने का प्रयास करें। अब तक जो नहीं पढ़ पाए हैं, उसकी चिंता इस वक्त कतई न करें।प्रख्यात कवि हरिवंश राय  बच्चन ने लिखा है न , " जो बीत गयी सो बात गयी ....।" बेहतर तो यह है कि हमने जो पढ़ा है उसी पर फोकस करें। यथासाध्य और यथासंभव उसी का रीविजन करें। फार्मूला, महत्वपूर्ण पॉइंट्स आदि पर विशेष ध्यान दें, उन्हें अंडरलाइन करें , हाईलाइट करें।

 परीक्षा जैसे नाजुक अवसर पर यह भी पाया गया है कि ज्यादातर स्टूडेंट यह सोच सोच कर  परेशान  रहते हैं, अनावश्यक तनाव में रहते हैं कि दोस्त क्या पढ़ रहे हैं, क्या कर रहें हैं। ऐसा सोचना बहुमूल्य समय की बेवजह बर्वादी है। ऐसे वक्त दोस्त को फ़ोन करना गुनाह से कम नहीं। अगर मोबाइल बंद नहीं कर सकते तो कम से कम साइलेंट मोड पर जरूर कर लें। फेस बुक आदि से इस समय दूर ही रहें तो अच्छा। खुद पर और परीक्षा की अपनी तैयारी  पर ध्यान केन्द्रित करें।

 तनाव में थोड़ी हड़बड़ाहट  लाजिमी है। ऐसे में, कई बार  जरूरी काम याद नहीं रहते, जो परीक्षा के ठीक पहले हमारा तनाव बहुत  बढ़ा  देता है। जैसे, जल्दबाजी में एडमिट कार्ड ही छूट गया। तो क्यों न  परीक्षा के पूर्व संध्या को ही एडमिट कार्ड सहित अन्य जरूरी चीजें ठीक से रख लें।

मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना अनिवार्य है। इसके लिए पोषक और संतुलित आहार के साथ - साथ अच्छी नींद  जरूरी है। जल और  फल  इस समय बड़े फलदायक साबित होते हैं।  

एक बात और ! परीक्षा के मौसम में रात के नौ बजे तक अवश्य खा लें।  हल्का ही खाएं, जल्दी सो जाएं। रात में कम-से-कम  6 घंटे अवश्य सोएं।

सबेरे नित्य क्रिया से निवृत हो कर कुछ देर फ्री-हैण्ड एक्सरसाइज कर लेने से शारीरिक जकड़न से निजात मिलता है ।  थोड़ी देर  प्राणायाम में अनुलोम विलोम और भ्रामरी कर लेना  फायदेमंद  रहेगा। परीक्षा केंद्र के लिए निकलने से पहले नाश्ता अवश्य करना चाहिए,  अन्यथा  परीक्षा के दौरान रह- रह कर या निरंतर परेशानी होती रहेगी,  जो कतई ठीक नहीं है। परीक्षा केंद्र पर नियत समय से कम से कम आधा घंटा पहले पहुँचना अनावश्यक घबराहट से  हमें बचाता है।साथ में पानी का छोटा बोतल रहे, तो अच्छा।

विशेष कर परीक्षा के दौरान  "टेक-इट- इजी"  सिद्धांत को फॉलो करना चाहिए। इसी सिद्धांत के तहत प्रश्नों को पहले ठीक से पढना, समझना और फिर उत्तर देना चाहिए।इस अवसर पर स्मार्ट समय प्रबंधन न केवल हमारे परफॉरमेंस को बेहतर बनाता है, बल्कि हमारे मानसिक दबाव को भी नियंत्रण में रखता है।

परीक्षा ख़त्म होने के  तुरत बाद  सही गलत के पचड़े में पड़ने के बजाय  हम खुद  से कहें , 'आल इज वेल'  और  उन सबका शुक्रिया अदा करें जिन्होंने हमें इस परीक्षा में शामिल होने लायक बनाया। 

सच मानिए, अगर हम इन  छोटी-छोटी  बातों का  ध्यान रखेंगे, तो हमारा मानसिक दबाव और तनाव स्वतः कम हो जाएगा जिसके फलस्वरूप  परीक्षा में हमारा परफॉरमेंस निश्चित ही बेहतर रहेगा। 

# प्रवासी दुनिया .कॉम पर प्रकाशित, दिनांक :04.08.2013  (परीक्षा से पहले मानसिक दबाव को कैसे कम करें? ) 
  
                 और भी बातें करेंगे, चलते-चलते। असीम शुभकामनाएं।

Sunday, July 28, 2013

हास्य व्यंग्य कविताएं: संकट, योजना

                                     -मिलन सिन्हा

neta

संकट
नेताजी से जब
एक पत्रकार ने पूछा ,
महाशय, तेल  संकट  पर
क्या हैं आपके विचार ?
तो कहा  नेताजी ने हँसते हुए,
कहाँ  तेल संकट
जो करें सोच विचार .
अरे , हमारे  घर  तो  रोज
हजारों  लोग आते हैं
और हमें लगाने के लिए
भर-भर टीन तेल
साथ लाते हैं !

योजना
मंत्री जी ने कहा,
अगले पंच वर्षीय  योजना में
गावों  से
गरीबी  हटायेंगे .
ऐसा लगता है
जैसे कि  वे उसे (गरीबी को)
शहर में ले जायेंगे !



 #  प्रवक्ता . कॉम पर प्रकाशित, दिनांक :27.07.2013

             और भी बातें करेंगे, चलते-चलते। असीम शुभकामनाएं।