Monday, August 28, 2017

यात्रा के रंग : गंगटोक और आसपास -1

                                                                                                         -मिलन सिन्हा
...गतांक से आगे... ऐसे, आप गंगटोक तक आएं और उसके आसपास के दर्शनीय स्थानों को देखे बिना लौट जाएं, यह मुनासिब नहीं. वह भी तब जब कि इस शहर के आसपास के पर्यटक स्थलों को देखने के लिए आप अपने समय एवं बजट के हिसाब से पांच, सात या दस पॉइंट्स में से कोई भी ‘पैकज टूर’ चुन सकते हैं.  इसमें पर्यटन सूचना केन्द्र एवं महात्मा गाँधी मार्ग  स्थित एकाधिक ट्रेवल एजेंसी आपके लिए मददगार साबित होंगे. सच कहें तो हमने इन्ही सूत्रों से पूछताछ करके पिछले दिन ही आज के घूमने के कुल दस स्थानों को तय कर लिया था. इसके बाद इन स्थानों पर जाने के लिए हमने एक छोटी गाड़ी भी दिनभर के लिए बुक कर ली. गाड़ी पहले बुक करना अच्छा रहता है, क्यों कि टूरिस्ट सीजन में कई बार आपको गाड़ी न मिलने के कारण अपना प्रोग्राम कैंसिल करना पड़ जाता है. 

सुबह गाड़ी समय पर आ गयी. ड्राईवर ने मोबाइल पर सूचित किया. होटल से हम निकले तो बाहर झमाझम बारिश हो रही थी. पहाड़ों पर कब घटायें घिर आयें, बारिश होने लगे और कब अचानक धूप खिल उठे, अनुमान लगाना कठिन होता है, खासकर बाहर से आये लोगों के लिए. बहरहाल, कुछ मिनटों के बाद बारिश थमते ही हम चल पड़े गंगटोक शहर के आसपास स्थित दर्शनीय जगहों का आनंद उठाने. 

पहाड़ी जगह होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा होने की गुंजाइश कम थी. पुलिस मुख्यालय से पहले ही ड्राईवर ने एक ढलानवाली सड़क पर गाड़ी को मोड़ दिया. यह सड़क कम चौड़ी थी, फिर भी दोनों ओर से वाहनों का आना –जाना लगा था. अगल-बगल होटल एवं गेस्ट हाउस होने के कारण गाड़ियां सुस्त गति से चल रही थी. कुछ दूर आगे जाकर हमारी गाड़ी अचानक रुक गयी. सामने और भी गाड़ियां खड़ी थी. तभी ड्राईवर ने थोड़ी दूर पर सड़क के किनारे खड़े एक सज्जन को दिखा कर कहा, ‘सर देखिए, ये हैं सिक्किम के पूर्व चीफ मिनिस्टर श्री नरबहादुर भण्डारी ’. कोट-पेंट-टाई पहने भण्डारी साहब एक आम शहरी के तरह खड़े थे और किसी को इशारे से बुला रहे थे. कोई तामझाम नहीं, कोई दिखावा नहीं, आसपास कोई सुरक्षा कर्मी भी नहीं. जब तक मै गाड़ी से निकलता और उनसे मिलकर कुछ बातें कर पाता, गाड़ी चल पड़ी. गाड़ी रोक कर बात करना संभव नहीं था, कारण पीछे भी गाड़ियां कतार से चल रही थीं. हां, गाड़ी तो चल रही थी, पर मैं मानसिक रूप से रुका हुआ था भण्डारी साहब के आसपास. बता दें कि नर बहादुर भण्डारी ने 1977 में सिक्किम जनता परिषद् का गठन किया और उसके संस्थापक के रूप में 1979 में चुनाव लड़ा. वे अक्टूबर 1979 से जून 1994 के बीच तीन बार सिक्किम के मुख्य मंत्री रहे और सिक्किम के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय भी, बेशक उन पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे. बहरहाल, चलती गाड़ी और चलती घड़ी ने हमें फ्लावर शो सेंटर  पहुंचा दिया. 

एक छोटे से स्थान में संचालित इस सेंटर में अनेक तरह के फूल खूबसूरत तरीके से प्रदर्शित किये गए हैं. रंग –बिरंगे फूलों के साथ अपने प्रियजनों का फोटो खींचने और फोटो खींचवाने में पर्यटकों की बड़ी भीड़ व्यस्त थी. दिन चढ़ते ही सैलानियों से भरी बसें आने लगी एवं यहाँ भीड़ बढ़ने लगी. 

बाहर निकला तो देखा खीरा बिक रहा है. पिताजी की बात याद आ गयी. वे कहा करते  थे कि सेहत के लिए सुबह का खीरा हीरा, रात का खीरा पीड़ा. बस, दो खीरा खरीदा और खाते-खिलाते हुए गाड़ी में बैठ गए. गाड़ी चली तो ड्राईवर ने बताया  कि वो सामने वर्तमान मुख्य मंत्री श्री पवन कुमार चामलिंग  का सरकारी आवास है. श्री चामलिंग पिछले 23 वर्षों से सिक्किम के मुख्यमंत्री हैं.  अगर गाड़ी के चालक ने न बताया होता तो देख कर अनुमान लगाना मुश्किल था कि यह प्रदेश के सबसे प्रभावशाली व्यक्ति का निवासस्थान है. कारण, न कोई आडम्बर, न बेरिकेडिंग  और न ही पुलिसिया तामझाम. आवागमन बिलकुल सामान्य. .... ....आगे जारी...                                                                                   (hellomilansinha@gmail.com)
                   और भी बातें करेंगे, चलते-चलते । असीम शुभकामनाएं।
# साहित्यिक पत्रिका 'नई धारा' में प्रकाशित
#For Motivational Articles in English, pl. visit my site : www.milanksinha.com

Tuesday, July 11, 2017

यात्रा के रंग : अब पुरी में -6 "रथ यात्रा की बात और कुछ"

                                                                                                           -मिलन सिन्हा 
गतांक से आगे... पुरी में रथयात्रा सबसे बड़े  उत्सव के रूप में मनाया जाता है. नौ दिनों तक चलनेवाले इस अदभुत धार्मिक-आध्यात्मिक त्यौहार में स्थानीय लोगों के अलावे देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पूरे आस्था और उत्साह से शरीक होते हैं. इस मौके पर श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र और देवी सुभद्रा को लाखों श्रद्धालु इतने नजदीक से देख पाते हैं. रथयात्रा उत्सव आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को शुरू होता है. इस दिन अलग-अलग रथों में श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र और उनकी बहन सुभद्रा को पूरे विधि –विधान से बिठाया जाता है और फिर  बड़ी संख्या में भक्तगण रथों को खींच कर दो किलोमीटर दूर गुंडिचा मन्दिर तक ले जाते हैं.

गुंडिचा मन्दिर बहुत ही खूबसूरत है जिसका निर्माण कलिंग वास्तुकला पर आधारित है. यह मंदिर श्री जगन्नाथ के मौसी घर के रूप में भी प्रसिद्ध है. श्री जगन्नाथ मंदिर से गुंडिचा मन्दिर तक की सड़क बहुत ही चौड़ी और अच्छी है. सही है क्यों कि 60 फुट से ज्यादा चौड़े और 40 फुट से ज्यादा ऊँचे तीन रथों के साथ चलनेवाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए ऐसी व्यवस्था अनिवार्य है. लकड़ी से बने रथों को तैयार करने का काम हफ़्तों चलता है और फिर अंत में तीनों रथों को अत्यन्त कलात्मक ढंग से सजाया जाता है. इस यात्रा में सबसे आगे श्री बलभद्र का ताल ध्वज रथ, बीच में देवी सुभद्रा का पद्म ध्वज रथ और उसके पीछे श्री जगन्नाथ का गरुड़ ध्वज रथ रहता है. एकादशी को वापसी यात्रा यानी बहुडा के बाद तीनों प्रतिमाओं को जगन्नाथ मंदिर के गर्भ गृह में आस्था और भक्तिभाव से फिर से स्थापित किया जाता है. हर साल इसी समय यह  कार्य पूरे धूमधाम से संपन्न होता है. ऐसे अब तो देश-विदेश में अनेक स्थानों में इसी समय रथ यात्रा का आयोजन किया जाता है. 

पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर और समुद्र तट श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सबसे बड़े आकर्षण के केन्द्र रहे हैं, तथापि कई अन्य दर्शनीय स्थल भी हैं जहाँ सालों भर पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है. श्री लोकनाथ मंदिर इनमें से एक है.  यह श्री जगन्नाथ मंदिर से करीब तीन किलोमीटर है. यह पुरी का सबसे पुराना मंदिर है जहाँ श्री लोक नाथ जी के नाम से भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की जाती है. शिव रात्रि के मौके पर तो प्रत्येक वर्ष  यहां एक बड़ा मेला भी लगता है. 


नरेन्द्र या चंदन तालाब भी काफी खूबसूरत और लोकप्रिय पर्यटक स्थल है. यह स्थान श्री जगन्नाथ मंदिर से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है. हर वर्ष अक्षय तृतीया से 21 दिनों तक यहां  श्री जगन्नाथ का जल विहार उत्सव मनाया जाता है. यह तालाब 873 फुट लम्बा और 834 फुट चौड़ा है. यह स्थान श्री जगन्नाथ के बुआ के घर के रूप में भी जाना जाता है. इस परिसर में छोटे-छोटे कई मंदिर हैं जिनमें देवी –देवताओं की प्रतिमाएं विराजमान हैं. आपके पास समय हो तो आप बेदी हनुमान मंदिर, सुदर्शन क्राफ्ट म्यूजियम और श्री सोनार गौरांग मंदिर भी जा सकते हैं. 

अंत में एक और बात. पुरी में घूमते हुए हमें बड़े-बड़े शॉपिंग सेंटर या मॉल दिखाई नहीं पड़े. सांस्कृतिक, पारम्परिक, धार्मिक और आध्यात्मिक जड़ें आज भी ज्यादा मजबूत हैं यहां, ऐसा स्पष्ट जान पड़ता है.           (hellomilansinha@gmail.com)   

                         और भी बातें करेंगे, चलते-चलते । असीम शुभकामनाएं ।
# साहित्यिक पत्रिका 'नई धारा' में प्रकाशित 

#For Motivational Articles in English, pl. visit my site : www.milanksinha.com

Wednesday, July 5, 2017

आज की बात: स्वच्छता क्या सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी है ?

                                                                  - मिलन  सिन्हा, मोटिवेशनल स्पीकर...
कल रात की हल्की बारिश के बाद आज सुबह जब बाजार की ओर निकला तो सामने की सड़क थोड़ी साफ़ लगी. देख कर अच्छा लगा. बारिश ने अपना काम किया था. लेकिन, थोड़ा और आगे बढ़ा तो खुशी गायब हो गई. एक बड़े मकान के सामने सड़क पर कचड़ा बिखरा पड़ा था. दो–तीन कुत्ते वहीं जमे थे. गाड़ियां    कचड़े का कचूमर निकालती, कचड़े को और दूर तक फैलाती बेपरवाह दौड़ लगा रही थी. यह दृश्य मुख्य सड़क पर पहुंचने तक कई जगह दिखा. आते-जाते लोग कचड़े से बच कर निकल रहे थे; कुछ संभ्रांत किस्म के लोग नाक पर रुमाल भी रखे दिखाई पड़े. 

आगे चौराहे पर एक नई बड़ी गाड़ी में बैठे चार-पांच पुलिस कर्मी खैनी मलने या मोबाइल में व्यस्त थे. ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी का समय अभी नहीं हुआ था. सड़क किनारे नियमित लगने वाले सब्जी-फल बाजार में अव्यवस्था का आलम था. गौर से इधर –उधर नजर दौड़ाई और कुछ सब्जी विक्रेताओं से पूछा तो पता चला कि कल दिन में नाले की उढ़ाई हुई और फिर जो रात में बारिश हुई, तो यह गन्दगी चारों ओर इस तरह बिखरनी ही थी. सभी विक्रेता नगर निगम को इस हाल के लिए दोष दे रहे थे. उनका कहना था कि नगर निगम टैक्स तो लेती है, लेकिन काम ठीक से नहीं करती. नाले की साप्ताहिक सफाई भी नहीं होती. जब भी सफाई- उढ़ाई होती है, नाले से निकले बदबूदार कचड़े का ढेर दो-तीन दिनों तक ऐसे ही पड़ा रहता है; भोर में कचड़ा उठाने के बजाय दुकानदारी शुरू होने के बाद नौ-दस बजे नगर निगम सड़क पर ट्रेक्टर लगा कर कचड़ा उठाती है और बदबू फैलाते हुए खुला ही ले जाती है. 

दरअसल, शहर को साफ़ –सुथरा रखने के नाम पर नगर निगम ऐसे ही कार्य करता रहा है. विडम्बना है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है, प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान की खूब दुहाई दी जाती है, सफाई के मद में पहले से ज्यादा राशि खर्च करने की बात भी अखबारों में दिखती है, पर हकीकत कुछ और ही बयाँ करती है. 

यह तो हुई नगर निगम या सरकार के कार्यशैली की बात. पर स्वच्छता के मुत्तलिक बड़ा सवाल यह है कि एक जागरूक शहरी और समाज के रूप में हम सब क्या कर रहे हैं? स्वच्छता तो ‘स्व’ अर्थात  खुद से शुरू होता है न.

तो फिर चलते हैं वहीं जहां से यह चर्चा प्रारंभ हुई थी - अपनी गली में. गली में कचड़ा जिनके भी घर के सामने पड़ा और बिखरा हुआ मिले, क्या वे इसका समाधान अपने पड़ोसियों के साथ मिलकर आसानी से नहीं निकाल सकते? एक छोटी-सी पहल तो प्लास्टिक का कूड़ेदान रखकर कर ही सकते हैं, क्यों? फिर नगर निगम को नरक निगम कहना छोड़ उसके सफाई कर्मियों से कचड़े की नियमित सफाई का अनुरोध नहीं, आग्रह करें, जरुरत हो तो मिलकर करें. सार्थक परिणाम न निकले तो बात को आगे तक ले जाएं – मौखिक और लिखित दोनों स्तर पर. आखिर हमारे टैक्स के पैसे से ही नगर निगम के कर्मियों को वेतन मिलता है. यकीन मानिए, स्थिति सुधरेगी, बेशक कछुआ गति से. 

अब चलें सब्जी-फल के बाजार में. जिस भी कारण से और जिसकी भी अनुमति या सहमति से सड़क किनारे ये लोग दुकान लगाते हैं, अपने आसपास की सफाई का ध्यान तो रख ही सकते हैं. सड़ी-गली सब्जियां, सूखे-गले फल, बेकार पत्ते-कागज़ आदि जहां-तहां न फेंक कर, बगल के नाले में न डाल कर उन्हें छोटे-बड़े डस्टबीन में डाल सकते हैं. शाम को घर लौटने से पहले अपनी जगह की सफाई कर अवशेष को कूड़ेदान के सुपुर्द कर दें. जो लोग ऐसा न करें, उन्हें सब मिलकर समझाने का प्रयास करें. झगड़ने की जरुरत नहीं. बिलकुल न समझें तो निगम के अधिकारी से आग्रह करें. इतने से भी स्वच्छता के अभियान में कुछ योगदान तो कर ही लेंगे. 

मेरी तो स्पष्ट मान्यता रही है कि देश के एक आम नागरिक के रूप में हमें जो करना चाहिए, उसे हम करने का प्रयास करें, यथासाध्य करें. हर बात के लिए सरकार का मुखापेक्षी होना और सरकार पर निर्भर रहना कहां तक मुनासिब है. एक बात और, जब हम अपना कर्तव्य का निर्वाह करेंगे, तभी तो पूरी नैतिकता के साथ सरकार पर भी सही जोर डाल पायेंगे.             
                                                                                    (hellomilansinha@gmail.com)
                   और भी बातें करेंगे, चलते-चलते । असीम शुभकामनाएं।  

Friday, June 9, 2017

आज की बात : कौन ज्यादा जरुरी – 500 करोड़ से रांची में एक एलिवेटेड रोड या झारखण्ड के गांवों में 3.33 लाख शौचालय ?

                                                                                 - मिलन  सिन्हा
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री जहां जाते हैं, कुछ न कुछ दे कर आते हैं. अच्छी बात है. आज के अखबार में है कि वे झारखण्ड की राजधानी रांची आये और शहर के एक व्यस्ततम इलाके में एलिवेटेड रोड बनवाने में केन्द्रीय सहायता देने का एलान कर गए. इसमें 500 करोड़ की लागत आयेगी और इस पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा. राज्य सरकार इस एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए केन्द्रीय सहायता की मांग करती रही है.

सोशल मीडिया पर कल से ही इसकी चर्चा शुरू हो गई थी. कुछ लोगों ने इसका स्वागत किया, तो विपक्ष सहित कुछ ने इसे अनावश्यक बताया - बड़े प्रोजेक्ट के साथ बड़े कमीशन के लाभ का जिक्र भी किया.

बहरहाल, एक प्रश्न जो कई लोगों ने उठाई या आगे भी उठाये जायेंगे, वह यह कि जिस सड़क पर लगातार जाम लगने की दुहाई दे कर इस प्रोजेक्ट को लाने की घोषणा हुई, क्या वास्तव में इसकी नितांत आवश्यकता है. ऐसा इसलिए कि झारखण्ड जैसे राज्य में, जहां एक बड़ी आबादी को राज्य के निर्माण के 17 साल बाद भी पीने के पानी तक का अभाव झेलना पड़ता है, सब के लिए शौचालय निर्माण में अभी बहुत काम करना है, प्राइमरी स्कूलों तक में आधारभूत सुविधाओं की कमी बरकरार है, प्राइमरी हेल्थ सेंटर में दवा-डॉक्टर आदि तक की कमी है. इस सन्दर्भ में 500 करोड़ की राशि को राजधानी के एक एलिवेटेड रोड निर्माण में खर्च करना कहाँ तक उचित है. वह भी तब जब कि सरकार और प्रशासन ने उक्त व्यस्ततम रोड के दोनों ओर अतिक्रमित जगह को खाली करवाने, प्राइम टाइम में ट्रैफिक को बेहतर तौर पर रेगुलेट करने, एक दूसरे से जुड़ी दसाधिक गलियों को अतिक्रमण मुक्त कर विकसित करने जैसे तमाम विकल्पों पर शिद्दत से कारवाई तक न की हो.

बेहतर तो यह होगा कि मौजूदा व्यवस्था को ठीक करने की पुरजोर कोशिश लगातार की जाय, उस इलाके के आम लोगों का सहयोग और समर्थन प्राप्त करें, उन्हें जागरूक भी करते रहें, जरुरत हो तो अतिक्रमण हटा कर सड़क चौड़ीकरण करें और इस बीच 500 करोड़ जितनी बड़ी राशि से ग्रामीण इलाकों में विकास के बुनियादी कार्य करें. सोचिये, 500 करोड़ रुपये से रु.15000/- प्रति शौचालय के दर  से करीब 3.33 लाख शौचालय बनाए जा सकते हैं या रु. 10 लाख प्रति स्कूल के हिसाब से 5000 नए विद्यालय भवन बनाए जा सकते हैं  या ...
आम जनता के व्यापक हित में इन बातों पर गौर करना अनिवार्य है, क्यों कि कर और कर्ज से चलने वाली सरकारों को उचित प्राथमिकताएं तो तय करनी ही पड़ेगी.    ( hellomilansinha@gmail.com)
                    और भी बातें करेंगे, चलते-चलते । असीम शुभकामनाएं।

Wednesday, June 7, 2017

आज की बात : लोगों की मौत और हिंसक प्रदर्शन से आगे क्या ?

              -  मिलन सिन्हा
आज अखबार का हेड लाइन देखकर मन दुखी हो गया. मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में प्रदर्शनकारी भीड़ पर फायरिंग से पांच किसान भाइयों के मरने की खबर थी. कहा जा रहा है कि उसके प्रतिक्रिया स्वरुप प्रदेश के कई अन्य भागों में भी हिंसक वारदातें हुई, लूटपाट, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई.

जब भी कहीं किसी का असामयिक निधन होता है, तो अनायास ही उनके परिजनों का रोता-बिलखता चेहरा सामने आ जाता है. कुछ देर पहले जो व्यक्ति जीवित था, सक्रिय था, जिसके ऊपर कई पारिवारिक-सामाजिक जिम्मेदारी थी, जिसके कई सपने थे, कई लक्ष्य थे, एकाएक गुजर गया. यह सोचना भी मुश्किल होता है. लेकिन ऐसा हुआ और ऐसा कारण-अकारण होता रहता है – कभी इस प्रदेश में तो कभी उस प्रदेश में.

ऐसे हमारे देश में सिर्फ ह्रदय रोग से हर दिन आठ हजार से ज्यादा लोग मरते हैं, न जाने कितने और लोग भूख से और अन्य अनेक रोगों से रोज दुनिया से उठ जाते हैं. लेकिन ऐसे सभी  व्यक्ति के मरने पर ट्रक, बस, कार में भीड़ द्वारा आग नहीं लगाईं जाती, तोड़फोड़ नहीं किये जाते, उपद्रव नहीं मचाये जाते, सड़क जाम नहीं किये जाते. होना भी नहीं चाहिए, क्यों कि समस्या है तो मिल-बैठकर समाधान ढूंढना बेहतर तरीका है. नहीं तो पूरा देश ही हर समय उपद्रवग्रस्त रहेगा, कितने और लोग परेशान होंगे, शायद कुछ और निर्दोष लोग ऐसे उपद्रव में मारे भी जायेंगे. संपत्ति की अनावश्यक हानि होगी, सो अलग. 

जरा सोचिये, समाज में अशांति फैलाने के लिए पेड उपद्रवियों (यानि पैसे के लिए कुछ भी करेगा टाइप उपद्रवी)  और उनके पीछे प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से खड़े कतिपय राजनीतिक नेताओं को छोड़ कर ऐसा असामाजिक कृत्य कोई कैसे कर सकता है. फिर सोचने वाली बात यह भी है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने से आम कर दाताओं का ही जेब ढीला होता है. ट्रक, बस आदि जलाने से बीमा कंपनियों द्वारा क्षति का भुगतान करना पड़ता है, जो प्रकारांतर से हमें और देश को आर्थिक नुकसान पहुंचाता है. ऐसे भी, कुछ लोगों के गैरकानूनी हरकतों के कारण हजारों–लाखों लोग आए दिन क्यों बेवजह मुसीबत झेलें.

लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शित करने के सैंकड़ों प्रभावी तरीके हैं जो हिंसक नहीं हैं और देश को हानि पहुंचाने वाले भी नहीं. अहिंसा के पुजारी और सत्याग्रह के प्रबलतम पक्षधर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के देश में यह कौन नहीं जानता. 

तो क्या अब समय नहीं आ गया है कि देश भर में प्रशासन निष्पक्ष तरीके से ऐसे पेशेवर उपद्रवियों, उनको शह देने वाले नेताओं और ऐसे मौके पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों की स्पष्ट पहचान करे और उन्हें कानून के मुताबिक़ यथाशीघ्र कठोर सजा दिलवाने की ठोस पहल करे.

कहने की जरुरत नहीं कि सभी दलों के अच्छे नेताओं को ऐसी किसी भी स्थिति से तीव्रता से निबटने के लिए प्रदेश सरकार के साथ मिलकर काम करना ही होगा. हां, आंदोलित भीड़ से निबटने के लिए पुलिस को और ज्यादा समर्थ, धैर्यवान एवं संवेदनशील बनाने की जरुरत तो है ही. उन्हें इस दिशा में निरंतर मोटिवेट करते रहने की भी जरुरत है.
                                                                                              ( hellomilansinha@gmail.com)
                 और भी बातें करेंगे, चलते-चलते । असीम शुभकामनाएं।
# प्रवक्ता . कॉम पर प्रकाशित

Monday, May 29, 2017

मोटिवेशन : सफलता और असफलता जीवन का एक हिस्सा है

                                                                      -मिलन सिन्हा, मोटिवेशनल स्पीकर 
सीबीएसई 12वीं के परीक्षार्थियों की प्रतीक्षा ख़त्म हो गई.  रिजल्ट की घोषणा हो चुकी.  स्वभाविक रूप से  कुछ बच्चे खुश हैं, तो कुछ बच्चे नाखुश. माता-पिता, शिक्षक, अभिभावक के लिए भी कहीं खुशी और कहीं गम का माहौल है. जिन बच्चों का रिजल्ट अच्छा नहीं हुआ, वे तो स्वयं मायूस, परेशान और तनाव ग्रस्त होंगे. सोच-विचार कर रहे होंगे कि अपेक्षित मार्क्स क्यों नहीं आये, कहां चूक हो गई, अभिभावक और शिक्षक क्या सोचेंगे, लोग क्या कहेंगे, आगे कहां और क्या पढ़ पायेंगे आदि. बावजूद इसके ज्यादातर अभिभावक अपने ऐसे मायूस बच्चों को पीटने-डांटने-कोसने से बाज नहीं आते हैं, जब कि वे भी जानते हैं कि बच्चे पर इसका नकारात्मक असर होगा और यह भी कि इससे बच्चे के इस रिजल्ट में कोई बदलाव नहीं होने वाला है. जो होना था, हो गया है. अब तो इसे खुले मन से स्वीकारने के अलावा कोई विकल्प भी नहीं. 

बेहतर ये होता है कि ऐसे मौके पर अभिभावक अपने-अपने बच्चे के साथ भावनात्मक रूप से खड़े रहें और दिखें भी. उन्हें प्यार करें; उनकी क्षमता पर भरोसा जताएं. एक काम और करें. ऐसे समय में  'पर-पीड़ा सुख' पाने के इच्छुक ऐसे सभी पड़ोसी और सगे-संबंधी से बच्चों को बचा कर रखना अनिवार्य है. बच्चों को भी गम के दरिया में डुबकियां लगाने, अंधेरे कमरे  में बैठ कर खुद को कोसने और अपने दोस्तों के रिजल्ट से तुलना करने और  दूसरे को दोष देने  के बजाय 'टेक-इट-इजी'  सिद्धांत  का पालन करते हुए शांत रहने की कोशिश करनी चाहिए. 

जीवन से बड़ा कुछ भी नहीं. यह जीवन अनमोल है. अब्राहम लिंकन, महात्मा गांधी, अल्बर्ट आइंस्टीन एवं  ए पी जे अब्दुल कलाम सहित अनेकानेक महान लोगों की जिंदगी असफलताओं के बीच से होकर अकल्पनीय सफलता-उपलब्धि हासिल करने की कहानी कहता है. ऐसे भी, हम सभी जानते हैं कि सफलता-असफलता सभी के जीवन में आते रहते हैं. बेहतर उपलब्धि के लिए सतत कोशिश करते रहना ज्यादा महत्वपूर्ण होता है. 

हां, अब तो अपने देश में 12वीं के बाद बहुत सारे रोजगार उन्मुखी कोर्स शुरू हो गए हैं. सोच-समझ कर दाखिला लेने से भविष्य में कई फायदे होंगे.   

ऐसे, रिजल्ट खराब अथवा आशा के अनुरूप नहीं होने के एक नहीं, अनेक कारण हो सकते हैं.  किसी भी कारण से इस बार अगर अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, तो उन कारणों की गहन समीक्षा खुले मन और ठंढे दिमाग से अर्थात निरपेक्ष भाव से तीन-चार  दिनों के बाद करनी चाहिए, तुरन्त तो कदापि  नहीं. 

तो अगले दो दिनों तक क्या करें ? पहला तो, अपने रिजल्ट को पूरी तरह स्वीकार करें. दूसरा, किसी के भी डांट- फटकार, कटाक्ष, आलोचना, व्यंग्य आदि को दिल से न लें. तीसरा, अच्छे से स्नान कर पसंदीदा ड्रेस पहनकर आईने के सामने जाकर मुस्कुराएं और खुद को देर तक निहारते हुए मन ही मन दोहरायें - जो हुआ, ठीक ही हुआ. मैंने जैसी परीक्षा दी, परिणाम कमोबेश उसी के अनुरूप आया. ऐसे भी, मुझे जीवन में अनेक छोटी -बड़ी परीक्षाएं देनी हैं, सफलता-असफलता के अलग-अलग दौर से गुजरना है, तो अब मायूसी किस बात की. पीछे कोई भूल  हुई है तो उसे आगे नहीं दोहराएंगे, खूब मेहनत करेंगे. आगे हम जरुर  कामयाब होंगे, मन में है मेरे यह विश्वास....मन हल्का हो जायगा, हैप्पी-हैप्पी फील होगा. माता-पिता सहित घर के सभी बड़ों का आशीर्वाद  लें और उन्हें आगे बेहतर रिजल्ट का आश्वासन दें. फिर खुशी -खुशी खाना खाएं, टीवी में कॉमेडी शो या फिल्म देखें और रात में जल्दी सो जाएं. यकीन मानिए, आपका कल आज से जरुर बेहतर होगा. आप सफल तो होंगे ही, स्वस्थ भी रहेंगे और आनंदित भी.     
                                                                                       ( hellomilansinha@gmail.com)
                और भी बातें करेंगे, चलते-चलते । असीम शुभकामनाएं।
#For Motivational Articles in English, pl. visit my site : www.milanksinha.com

Tuesday, May 16, 2017

यात्रा के रंग : अब पुरी में -5 ‘श्री जगन्नाथ मंदिर’ और उसके आसपास-2

                                                                                          - मिलन सिन्हा 
गतांक से आगे... हमें पुरी के “श्री जगन्नाथ मंदिर” में प्रवेश करते ही एक पंडा जी मिल गए, जो हमें मंदिर के सभी महत्वपूर्ण भागों में न केवल ले गए, बल्कि उसके धार्मिक-आध्यात्मिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी. ज्ञातव्य है कि मुख्य मंदिर के आसपास तीस छोटे-बड़े मंदिर भी स्थित हैं. श्री जगन्नाथ मंदिर काम्प्लेक्स में ही माँ लक्ष्मी का भी मंदिर है, जहां जगन्नाथ जी के दर्शन के बाद जाने की परंपरा है.  

कहा जाता है कि चार धामों में शुमार “श्री जगन्नाथ मंदिर” की अनेक विशेषताएं हैं, जिनके विषय में जानकर अचरज में पड़ जाना अस्वाभाविक नहीं है. मसलन, मंदिर का रसोईघर दुनिया का सबसे बड़ा रसोईघर है; इस विशाल रसोईघर में भगवान जगन्नाथ को चढ़ाए जाने वाले महाप्रसाद को तैयार करने के लिए 500 रसोइए एवं उनके 300 सहयोगी एकसाथ काम करते हैं; मिट्टी के बर्तनों में सारा खाना पकाया जाता है; रसोईघर  में प्रसाद पकाने के लिए मिट्टी के सात बर्तन एक-दूसरे पर रखे जाते हैं तथा  इंधन के रूप में लकड़ी का ही इस्तेमाल किया जाता है;  दिन के किसी भी वक्त मंदिर के मुख्य गुंबद की छाया अदृश्य ही रहती है; पुरी शहर के किसी भी भाग से आप मंदिर के शीर्ष पर लगे सुदर्शन चक्र को देखें तो यह चक्र आपको हमेशा सामने से ही लगा हुआ दिखाई पड़ेगा; 214 फुट ऊँचे इस मंदिर के ऊपरी हिस्से में दिखने वाला ध्वज हमेशा हवा के विपरीत दिशा में लहराता रहता है आदि.

जानने योग्य बात यह भी है कि अष्टधातु से निर्मित सुदर्शन चक्र को, जिसकी परिधि करीब 36 फुट है, नीलचक्र भी कहा जाता है एवं इसे बहुत ही पवित्र -पावन माना जाता है. ऐसी और भी अनेक ज्ञानवर्द्धक  बातें इस मंदिर के साथ जुड़ी है.

मंदिर के गर्भ गृह में एक रत्न मंडित चबूतरे पर भगवान जगन्नाथ के साथ उनके बड़े भाई बलभद्र और उनकी बहन सुभद्रा की मूर्तियां विराजमान हैं. ये तीनों मूर्तियां लकड़ी से बनी हैं, जिन्हें अनुष्ठानपूर्वक बारह वर्षों में एक बार बदला जाता है. 

मंदिर के शिखर पर लहराते ध्वज को बदलने का कठिन काम प्रतिदिन अपराह्न काल में करीब चार बजे के आसपास, यानी सूर्यास्त से पहले, किया जाता है. मंदिर के शिखर पर स्थित सुदर्शन चक्र के ऊपर सूर्य और चन्द्र अंकित लगभग 25 फुट लम्बा लाल या पीला एक बड़ा ध्वज लगाया जाता है, जो करीब 12 फुट ऊँचे सुदर्शन  चक्र से करीब 25 फुट और ऊपर सदैव लहराता रहता है. नील चक्र से नीचे की ओर अन्य अनेक छोटे –बड़े ध्वज लटकते –लहराते रहते हैं. सभी ध्वजों को रोज बदला जाता है. सौभाग्य से हमें इस पूरी प्रक्रिया को संपन्न होते हुए देखने का मौका मिला. हमारे तरह हजारों लोग इस रोमांचक दृश्य को देखने वहां मौजूद थे. कहते हैं, ऐसी भीड़ वहां उस वक्त हर रोज देखी जा सकती है. वाकई, इतनी ऊंचाई पर इतने ध्वजों को लेकर चढ़ना-उतरना, उन्हें उतारना–नए ध्वज लगाना,  बहुत ही जोखिम का काम है, तथापि इस कार्य को बड़ी कुशलता से मंदिर द्वारा अधिकृत दो व्यक्ति रोजाना नियमपूर्वक  करते हैं. मंदिर परिसर में ही “श्री जगन्नाथ जी” का प्रसाद प्राप्त करने की सुविधाजनक व्यवस्था कायम है.            ... ....आगे जारी.   (hellomilansinha@gmail.com)

                  और भी बातें करेंगे, चलते-चलते । असीम शुभकामनाएं।
# साहित्यिक पत्रिका 'नई धारा' में प्रकाशित 
#For Motivational Articles in English, pl. visit my site : www.milanksinha.com